घनसाली थाना क्षेत्र के द्वारी गांव में चोर बंद घरों को बना रहे निशाना

1 min read

घनसाली/टिहरी। टिहरी जिले में घनसाली थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारी गांव में लगातार चोरी की घटनाएं घट रही हैं। पिछले आठ-नौ महीने के भीतर गांव में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ घर ऐसे हैं जहां कि इस अवधि के दौरान चोर दो-दो बार ताले तोड़ चुके हैं। गांव में चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोग दहशत में हैं। घनसाली थाना पुलिस एक भी चोरी की घटना का खुलासा नहीं कर पाई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है।
द्वारी गांव में एक के बाद एक चोरी की घटनाएं हो रही हैं। आठ-नौ महीने के भीतर गांव में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। चोर लगातार लोगों के बंद घरों को निशाना बना रहे हैं। चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शिकायत के बावजूद घनसाली थाना पुलिस चोरों को पकड़ पाने में नाकाम रही है, इससे लोगों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस एक-दो दिन गांव में गश्त करती है और फिर निष्क्रिय हो जाती है। चोरों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। गांव में न नियमित रूप से पुलिस गश्त हो रही है और न पुलिस ने चोरी की घटनाओं को रोकने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया है। चोरों द्वारा ताले और जंगले काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
गांव में बढ़ती चोरी की घटनाओं के संबंध में ग्रामीण पुलिस उच्चाधिकारियों और प्रशासन से भी शिकायत कर चुके हैं लेकिन चोरी की घटनाएं बदस्तूर जारी हैं। पुलिस चोरों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रही है, जिस कारण चोरों के हौंसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया है कि चोरी की इन घटनाओं में कुछ स्थानीय लोगों की संलिप्ता भी हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को गांव में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करना चाहिए। पूरे गांव में जितने भी बाहरी लोग काम कर रहे हैं उनकी और उनके ठिकानों की जांच होनी चाहिए और उन पर नजर रखी जानी चाहिए। चोरी की घटनाओं से गांव में लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। चोरों द्वारा घरों के ताले तोड़कर जरूरी सामान को चोरी किया जा रहा है और शेष सामान को बिखेर दिया जा रहा है। घरों को खंगालने के साथ ही चोर उस घर में खाना भी बना रहे हैं। चोरों द्वारा गांव में मंदिर के भी ताले तोड़े जा चुके हैं।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.