मैं हिंदू आने को तैयार नामक संगठन का हुआ गठन

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून जिले के हिन्दू समाज को संगठित एवं सशक्त करने के उद्देश्य से जय श्री वराह देव मैं हिन्दू आने को तैयार नामक सामाजिक संगठन का गठन किया गया है। देहरादून को पाँच क्षेत्र उत्तर, दक्षिण, केन्द्रीय, पूर्व, पश्चिम में विभाजित किया गया है ताकि प्रत्येक क्षेत्र के हिन्दू समाज के लोग एक सूत्र में बंधकर एकजुट हो सकें। संगठन का मुख्य उद्देश्य लुप्त होती हिन्दू सनातन संस्कृति का पुनः जागरण करना, आपातकालीन परिस्थितियों में परस्पर सहयोग करना, समाज को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा हिन्दुओं का आपसी व्यापार मंच के माध्यम से परस्पर सहयोग को बढ़ावा देना है।
यहां उत्तरांचल प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में नवगठित संगठन के पदाधिकारियों ने संगठन के विषय में जानकारी दी। नव गठित इस संगठन की पदाधिकारी समिति में शामिल पदाधिकारियों में  विवेक अग्रवाल (अध्यक्ष), शशि कान्त सिंघल (सचिव), अमित गोयल (कोषाध्यक्ष), शिखर कुच्छल (संयोजक), राजेश सिंघल (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), सतीश कंसल (सह संयोजक), सोनू गुप्ता (उपाध्यक्ष), कमल जौली (उपाध्यक्ष), अजय गर्ग (सह कोषाध्यक्ष) हैं। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य में ब्रिजेश माथुर, दयानंद बंसल, मीना पंवार, प्रेम सेठी, विक्रांत सिंघल, अनिल कुमार त्यागी, रजत गर्ग, दीपक त्यागी, देवी दयाल रावत शामिल है। पत्रकार वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी वर्ष संगठन द्वारा देहरादून के लगभग 50 विद्यालयों में सनातन धर्म ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें तीन वर्ग होंगे कक्षा 3 से 5, कक्षा 6 से 8 एवं कक्षा 9 से 12। प्रत्येक वर्ग के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा तथा अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके उपरांत एक अंतर विद्यालय प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। यह सभी कार्यक्रम जनरल मर्चेंट एसोसिएशन द्वारा प्रायोजित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन की तीन प्रमुख अपीलें क्रमशः एनिमेटेड फिल्म नरसिंह को करमुक्त (टैक्स फ्री) किया जाए एवं इसे प्रत्येक विद्यालय में प्रदर्शित किया जाए। इसके अलावा कक्षा 10 से 12 की छात्राओं को मेहंदी लगाना सिखाया जाए और करवा चौथ, अहोई अष्टमी जैसे त्यौहारों पर संगठन पूरे देहरादून में मेहंदी कैंप आयोजित करेगा। हिन्दू समाज की महिला शक्तियों एवं वरिष्ठ जनों की सुरक्षा हेतु संगठन द्वारा सतत प्रयास किए जाएंगे। प्रेस वार्ता में संगठन के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सचिव शशि कान्त सिंघल, कोषाध्यक्ष अमित गोयल, संयोजक शिखर कुच्छल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, सह संयोजक सतीश कंसल, उपाध्यक्ष सोनू गुप्ता एवं कमल जौली, सह कोषाध्यक्ष अजय गर्ग, कार्यकारिणी सदस्यगण सहित जनरल मर्चेंट एसोसिएशन देहरादून के महामंत्री राजकुमार गोयल, संरक्षक सुधीर कुमार जैन, मंत्री धन प्रकाश गोयल, मोहनलाल विरमानी, ज्ञान प्रकाश, सुरेन्द्र गोयल आदि उपस्थित रहे।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.