एचडीएफसी बैंक को क्यू1 में 18,155 करोड़ का जबरदस्त मुनाफा
1 min readदेहरादून। प्राइवेट सेक्टर के देश के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक ने वित्त-वर्ष 26 की पहली तिमाही के रिजल्ट की घोषणा कर दी। बीती अप्रैल-जून 2025 तिमाही में बैंक ने कुल 18,155.21 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। यह पिछले साल के मुकाबले 12.24 प्रतिशत अधिक है। यह एक्सपर्ट्स की उम्मीदों से भी बेहतर रहा। एक्सपर्ट्स ने इस तिमाही में 17,385 करोड़ रुपये के मुनाफे की उम्मीद थी। इसके साथ ही बैंक का स्टैंडअलोन नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) भी 5.4 प्रतिशत बढ़कर 31,438 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बैंक ने ऑपरेटिंग प्रॉफिट में भी अच्छा प्रदर्शन किया। इस तिमाही में यह 35,734 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, प्रोविजन्स में उछाल देखा गया, जो 14,442 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसमें 9,000 करोड़ रुपये फ्लोटिंग प्रोविजन्स और 1,700 करोड़ रुपये कंटिंजेंट प्रोविजन्स शामिल हैं। दूसरी ओर, बैंक ने अपने शेयरधारकों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। बोर्ड ने प्रति शेयर 5 रुपये का स्पेशल अंतरिम डिविडेंड और 1ः1 बोनस इश्यू को मंजूरी दी है। यह डिविडेंड उन शेयरधारकों को मिलेगा, जिनका नाम 25 जुलाई 2025 को रजिस्टर में होगा और भुगतान 11 अगस्त को किया जाएगा। बोनस इश्यू के लिए शेयरधारकों और रेगुलेटर की मंजूरी जरूरी होगी, जिसमें हर एक शेयर पर एक बोनस शेयर मिलेगा। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 27 अगस्त तय की गई है।
