देश के विकास और समृद्धि के लिए स्वर्णिम सफर रहा मोदी का ऐतिहासिक कार्यकालः भट्ट

1 min read

देहरादून। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने देश के दूसरे सबसे अधिक दिन तक प्रधानमंत्री रहने का इतिहास रचने पर पीएम मोदी को बधाई दी है। कहा, उनके ये 4078 दिन देश के विकास और समृद्धि के लिए स्वर्णिम काल साबित हुए हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आज हमारे देश के लिए बेहद गर्व का दिन है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सेवा में एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया है। उन्होंने भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे लंबे समय (4078 दिन) तक लगातार कार्यरत दूसरे प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल कर लिया है। यह केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की महान लोकतांत्रिक परम्पराओं से ओत-प्रोत परिपक्वता, सुदीर्घ विकास यात्रा और जनविश्वास की एक सशक्त अभिव्यक्ति है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने न केवल देश के भीतर अभूतपूर्व परिवर्तन देखे, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी बड़ी खूबी से अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रदेश की सम्पूर्ण जनता की ओर से उन्होंने इस उपलब्धि के लिए हृदय से बधाई दी है। वहीं कामना करते हुए कहा कि वे दीर्घायु हों और इसी तरह देश का नेतृत्व करते हुए नये-नये कीर्तिमान स्थापित करते रहें। उनके कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में आज हमारा भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का पक्ष न केवल सशक्त तरीके से रखा, बल्कि कई ऐतिहासिक उपलब्धियां भी हासिल की हैं। वे एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें आजादी के बाद देश के लोगों ने सर्वोच्च पद से सम्मानित करके अपने आप को गौरवान्वित किया है। देश की जनता ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को देश और दुनिया के सामने भारत का मान-सम्मान बढ़ाने का अवसर दिया है। उनके कार्यकाल में भारत ने मान-सम्मान और कई उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को देखें तो भारत, आजादी के समय विश्व की 15वीं अर्थव्यवस्था था। जब प्रधानमंत्र मोदी ने कार्यभार संभाला, तब भारत की अर्थव्यवस्था 11वें नंबर पर थी। मात्र 11 साल के अंदर ही भारत को चौथी अर्थव्यवस्था में बदल दिया है और जब तक उनकी कार्यकाल अवधि पूर्ण होगी, तब तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। आज भारत दुनिया का चुनिंदा ऐसा देश बना, जो देश के दुश्मनों को अपने यहां भी और दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारने में भी सक्षम हुआ है। पहले दुनिया के सिर्फ दो देश इजरायल और अमेरिका ही ऐसा काम कर पाते थे।
मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने देश को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा, जिसका नतीजा है कि भारत डिजिटल पैमेंट के मामले में दुनिया का अग्रणी होने जा रहा है। ऐसे कई नवाचार करते हुए आज उनकी सरकार में देश की 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न देकर उनके खाने-पीने और रहने की चिंता दूर हो रही है। आयुष्मान कार्ड के तहत 60 साल तक के गरीब व्यक्तियों का पांच लाख रूपए तक का निःशुल्क इलाज और 70 साल की आयु वाले सभी समाज/वर्गों के व्यक्तियों को निःशुल्क इलाज की सुविधा देकर प्रधानमंत्री मोदी ने एक नहीं अनेक प्रकार से भारत की जनता का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने 4078 दिन पूर्ण करने पर प्रधानमंत्री मोदी जी को बधाई देते हुए, उम्मीद जताई कि वे इसके बाद नेहरू जी का रिकार्ड भी तोड़ेंगे और वर्ष 2029 में फिर एक बार देश का नेतृत्व करेंगे।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.