डीएम ने रेखीय विभागों के अधिकारी संग की समीक्षा बैठक

1 min read

देहरादून। प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूर्ण रूप से अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जिलाधिकारी सविन बसंल द्वारा ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।  प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। उक्त कार्यक्रम के उपरांत मा० प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से जनपद स्थित कार्यक्रम स्थल गढ़ीकैंट पहुंचेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि संपूर्ण सड़क मार्ग पर लोक निर्माण विभाग पुलिस विभाग के समन्वय से बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। पुलिस विभाग को सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा एमडीडीए को मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए। नगर निगम को सड़क मार्ग एवं कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि सड़क मार्ग एवं कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठने की समुचित व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, गणमान्य व्यक्तियों एवं आमजन के लिए सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था तथा यातायात प्लान की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम हेतु जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड तीरथपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह एवं कुमकुम जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी दीपक सैनी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.