केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं पर तीर्थ पुरोहितों ने जताई खुशी
1 min read
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम तीर्थ पुरोहित समाज ने बढ़ती यात्रियों की भीड़ के बावजूद चाक चौबंद यात्रा व्यवस्था पर जिला प्रशासन और सरकार का आभार जताया है। तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि यात्री भारी संख्या में धाम पहुंच रहे हैं। यहां मिल रही सुविधाओं से तीर्थयात्री अच्छा संदेश लेकर जा रहे हैं।
केदारनाथ धाम में यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। अभी तक साढ़े तीन लाख से अधिक भक्त बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। हर रोज 21 हज़ार से अधिक भक्त बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं। सबसे बड़ी बात है की धाम पहुंच रहे हर यात्री को समय पर दर्शन हो रहे हैं। यात्री को इस बार दर्शनों के लिए लम्बी कतार नहीं लगानी पड़ रही है। केदारनाथ धाम में यात्रियों को मिल रही बेहतर सुविधाओं के लिए केदारनाथ तीर्थ पुरोहित समाज ने प्रदेश सरकार के अलावा जिला प्रशासन का आभार जताया है।
केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि यात्रा को दो सप्ताह से अधिक का समय हो गया है। यात्रा बेहतर तरीके से संचालित हो रही है। धाम पहुंच रहे हर व्यक्ति को दर्शन हो रहे हैं। केदारसभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने कहा कि प्रशासन के प्रयासों से यात्रा अच्छे तरीके से संचालित हो रही है। धाम में यात्रियों की खूब चहल-पहल है। सुबह से लेकर देर रात तक यात्रियों को बाबा केदार के दर्शन हो रहे हैं। तीर्थ पुरोहित समाज मंदिर समिति, प्रशासन व सरकार के साथ खड़ा है। केदारसभा महामंत्री अंकित सेमवाल और मीडिया प्रभारी पंकज शुक्ला ने कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों से यात्रा अच्छी तरह से संचालित हो रही है। धाम सहित यात्रा मार्ग पर यात्रियों को स्वास्थ्य से लेकर गर्म पानी, साफ सफाई और रहने खाने की अच्छी व्यवस्था दी जा रही है। यात्रियों के अलावा स्थानीय लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धाम पहुंच रहे भक्त बाबा केदार के दर्शन करके बेहद खुश हैं। यात्री किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं कर रहे हैं। वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चन्द्र पोस्ती ने कहा कि केदारनाथ धाम को लेकर सोशल मीडिया में कई लोग गलत जानकारियां दे रहे हैं। धाम की यात्रा निर्वाध रूप से चल रही है। यात्री यहां आकर अच्छे से दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि सोशल मीडिया में फैलाई जा रही भ्रामक जानकारियों पर ध्यान ना दें।