सीडीएस ने माणा में किया सांस्कृतिक एवं विरासत केंद्र का शिलान्यास

चमोली। सीमांत जनपद चमोली में पवित्र बदरीनाथ मंदिर के निकट स्थित माणा गांव में माणा सांस्कृतिक एवं विरासत संग्रहालय के निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर सीडीएस जनरल अनिल चौहान मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी। सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने उत्तराखंड के माणा में सांस्कृतिक एवं विरासत संग्रहालय के निर्माण की नींव रखी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों में सैनिकों से मुलाकात की। बता दें कि माणा गांव, जिसे भारत का पहला गांव कहा जाता है, अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पहचान रखता है। गढ़वाल हिमालय की गोद में बसा यह क्षेत्र प्राचीन परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और लोक संस्कृति का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे में यहां सांस्कृतिक संग्रहालय की स्थापना को विरासत संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रस्तावित संग्रहालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक जीवंत केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें गढ़वाल क्षेत्र की सांस्कृतिक विविधता, धार्मिक परंपराएं और ऐतिहासिक विकास को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, भारतीय सशस्त्र बलों में गढ़वाल क्षेत्र के योगदान को भी विशेष रूप से दर्शाया जाएगा, जो साहस, समर्पण और बलिदान की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक रहा है। संग्रहालय में अत्याधुनिक दीर्घाएं, इंटरएक्टिव प्रदर्शनी और शैक्षणिक सामग्री शामिल होंगी, जो आगंतुकों को क्षेत्र की समृद्ध विरासत से परिचित कराएंगी।
यह स्थान बदरीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनने की संभावना रखता है। इसके साथ ही, यह परियोजना स्थानीय विकास को भी नई गति देगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय कला एवं हस्तशिल्प को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, यह संग्रहालय युवाओं को देश सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस प्रकार, माणा सांस्कृतिक एवं विरासत संग्रहालय न केवल गढ़वाल की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगा, बल्कि राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को भी सुदृढ़ करेगा।
चारधाम यात्रा से पहले बीते दिनों सीडीएस जनरल अनिल चौहान बदरीनाथ धाम पहुंचे थे और यात्रा तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर भी कुछ दिशा निर्देश दिए थे। पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट एवं थाना अध्यक्ष नवनीत भंडारी ने बदरीनाथ हेलीपैड पर उनका स्वागत किया था।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.