लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होगाः हेमंत द्विवेदी

1 min read

कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत यमकेश्वर विधानसभा के नौगांव में शक्ति केंद्र संयोजक गबर सिंह असवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय जनता के साथ विस्तृत बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को हटाने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर हेमंत द्विवेदी ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं को जागरूक करने तथा उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में मातृशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। परिवार और समाज को जागरूक करने में हमारी माताएं एवं बहनें सदैव अग्रणी रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अधिक से अधिक लोगों को मतदान प्रक्रिया और मतदाता सूची के सत्यापन के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने युवाओं से भी राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को मतदाता सूची का सत्यापन कराने तथा पात्र नागरिकों का नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही विकसित उत्तराखंड और सशक्त भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अनिल रावत, मंडल महामंत्री मनोज हुंडला, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष मस्तलाल, किसान मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष मदन जोशी, जिला कार्यकारिणी सदस्य नीरज कुकरेती, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र कुकरेती, मंडल मीडिया संयोजक राहुल बड़ोला, ग्राम प्रधान नौगांव विकास चैधरी, कल्याण सिंह रावत, रोहित चैधरी, अमरीश कुकरेती, हेमंत कुकरेती, विजय सिंह, मनोज खबोला, राहुल बीना (पूर्व सैनिक), बालम सिंह (बीएलए), ग्राम प्रधान उड्डा रमेश कुमार, ग्राम प्रधान बुंगी सीमा देवी सहित मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान मोर्चा, युवा मोर्चा, मातृशक्ति एवं भाजपा परिवार के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.