इस्कॉन देहरादून में धूमधाम से मनाया जाएगा श्री जन्माष्टमी महोत्सव
1 min read
देहरादून। इस्कॉन देहरादून, मोथरोवाला स्थित मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य दिवस श्री जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाएगा और श्री श्री राधा बांके बिहारी जी के फूल बंगला दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महोत्सव की शुरुआत मंगल आरती एवं तुलसी पूजा से होगी। इसके बाद श्रील प्रभुपाद गुरु पूजा, जप ध्यान तथा श्रीमद्भागवतम की विशेष कृष्ण जन्म कथा का आयोजन किया जाएगा। दिनभर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जन्माष्टमी के अवसर पर देश-विदेश से आए कलाकारों द्वारा भक्ति गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियां एवं आध्यात्मिक खेल आयोजित किए जाएंगे। शाम को विशेष कृष्ण कथा एवं प्रवचन होगा। इसके साथ ही दिनभर हरिनाम संकीर्तन और भक्ति संगीत से मंदिर परिसर भक्तिमय रहेगा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, जन्माष्टमी के दिन पूरे दिन श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण को 1008 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद जन्माष्टमी महामंगल संकीर्तन होगा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के अवसर पर विशेष जन्म महाआरती की जाएगी। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए पांच पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर के आसपास पांच अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन पार्किंग स्थलों से मंदिर तक आने-जाने के लिए निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध रहेगी। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें और मंदिर तक आने-जाने के लिए निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा का उपयोग करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दर्शन, प्रसाद वितरण, पार्किंग एवं यातायात सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर व्यवस्था संभालेंगे। इस्कॉन देहरादून मंदिर प्रबंधन ने देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, फूल बंगला दर्शन, हरिनाम संकीर्तन एवं मध्यरात्रि महाआरती में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
