पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राज्यपाल से की भेंट

1 min read

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शुक्रवार को लोक भवन में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके बीच प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, साइबर सुरक्षा, पुलिस कल्याण एवं आधुनिकीकरण, आगामी कुंभ सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। राज्यपाल ने ’“नशा मुक्त देवभूमि” अभियान को व्यापक जनभागीदारी से और प्रभावी बनाने के लिए समन्वित एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार करते हुए अभिभावकों, शिक्षकों, चिकित्सकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं युवा संगठनों, पुनर्वास केन्द्रों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता’ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नशे की रोकथाम, जागरूकता, उपचार एवं पुनर्वास के साथ-साथ मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने ’विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, विशेषकर कैंपस से बाहर निजी हॉस्टल एवं पीजी में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा’ को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग एवं प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने तथा शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने प्रदेश में ’साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों और उपलब्धियों से अवगत कराया। राज्यपाल ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए आमजन, सीनियर सिटीजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक’ करने के लिए व्यापक अभियान संचालित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आगामी ’कुंभ मेले के दृष्टिगत राज्यपाल ने सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों को समयबद्ध रूप से सुदृढ़ करने तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों एवं संबंधित विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग के माध्यम से समग्र एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था’ सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
भेंट के दौरान ’पुलिस कार्मिकों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण, आवासीय सुविधाओं, पुलिस मॉडर्न स्कूल, दुर्घटना बीमा, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, पुलिस आधुनिकीकरण तथा तकनीकी नवाचारों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने पुलिस बल के कल्याण के साथ उसकी कार्यदक्षता एवं तकनीकी क्षमता को निरंतर सुदृढ़ करने तथा आधुनिक तकनीक और नवाचारों के प्रभावी उपयोग’ के निर्देश दिए।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.