70 विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम-वीवीपैट का होगा व्यावहारिक प्रदर्शन

1 min read

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत निर्वाचन आयोग ने ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग को लेकर जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं और मोबाइल प्रदर्शन वाहन तैनात किए जा रहे हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और मतदाता सत्यापन योग्य पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की प्रथम स्तरीय जांच पूरी होने के बाद जन-जागरूकता और प्रशिक्षण के लिए 974 बैलेट यूनिट, 974 कंट्रोल यूनिट तथा 974 वीवीपैट मशीनें निर्धारित की गई हैं। यह प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई। प्रशिक्षण के लिए चिह्नित मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन मशीनों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अलग गोदाम में सुरक्षित रखा जाएगा। ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन करने के लिए प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन अधिकारी के मुख्यालय में प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां आम नागरिक स्वयं मतदान प्रक्रिया को समझ सकेंगे और मॉक पोल में प्रतिभाग कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल प्रदर्शन वाहन तैनात किए गए हैं। ये वाहन मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों, वार्डों और विभिन्न समूहों तक पहुंचकर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी देंगे। विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने तक यह प्रत्यक्ष जागरूकता अभियान जारी रहेगा। इसके बाद ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित जागरूकता केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान प्रदर्शन केंद्रों और मोबाइल वाहनों के माध्यम से पहुंचाए गए मतदान केंद्रोंकी संख्या, प्रदर्शन देखने वाले लोगों तथा मॉक पोल में भाग लेने वाले मतदाताओं का विवरण नियमित रूप से जुटाया जाएगा। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन अधिकारी साप्ताहिक अथवा पाक्षिक आधार पर निर्धारित प्रारूप में प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में अभियान अलग-अलग तिथियों से शुरू हो चुका है। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चम्पावत में 16 नवंबर से, टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल में 18 नवंबर से, चमोली में 20 नवंबर से, उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर में 21 नवंबर से तथा रुद्रप्रयाग में 25 नवंबर से जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझना प्रत्येक मतदाता के लिए उपयोगी है। जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.