पुलिस ने 158 बोतल शराब व 96 बोतल बीयर के साथ तीन लोगों को किया गिरफ्तार

1 min read

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के सफल संचालन को लेकर जनपद पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब की खेप पकड़ी है। तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 158 बोतल अवैध शराब व 96 बोतल बीयर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने समस्त थाना व चौकी प्रभारियों को अवैध तरीके से शराब का भंडारण, विक्रय, तस्करी करने वालों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए प्रभावी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए थे। गत शुक्रवार देर रात्रि को थाना ऊखीमठ पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन सेंट्रो कार से प्रेम सिंह भंडारी निवासी खोड, बकसीर थाना गुप्तकाशी के कब्जे से कुल 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (120 बोतल शराब) एवं 4 पेटी बीयर (96 बोतल गाड फाद बीयर) की बरामदगी की। जिसके विरुद्ध थाना ऊखीमठ में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन को सीज किया गया। थाना अगस्त्यमुनि पुलिस ने चेकिंग के दौरान राजू सिंह निवासी किंगक्रड मसूरी व मुगरा, कोटा नं0 5, थाना अवधि, जिला कालीकोट, नेपाल, हाल पता गौरीकुण्ड, सोनप्रयाग के कब्जे से 14 बोतल अवैध शराब तथा मदन बहादुर शाही निवासी ग्राम जुविधा, थाना खातलाघाट, प्रहारी, जिला कालीकोट, नेपाल, हाल पता झोपड़ी बाजार, गौरीकुण्ड के कब्जे से 12 बोतल व 48 पव्वे बरामद किए। दोनों नेपालियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने कहा कि पुलिस स्तर से अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही निरन्तर जारी है। अब तक जनपद पुलिस के स्तर से आबकारी अधिनियम के तहत कुल नौ मुकदमे दर्ज कर 591 बोतल शराब की बरामदगी की गई है और आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर शराब परिवहन में प्रयुक्त हुए दो वाहन सीज किए गए।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.