मसूरी रोपवे परियोजना के चयनित स्थलों का आवास सचिव ने किया निरीक्षण

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी को जाम से निजात दिलाने के लिए आगामी समय में मसूरी आने वाले पर्यटकों के लिए रोपवे बनाने की कवायद में तेजी लायी जा रही है। इस संबंध में प्रदेश के आवास सचिव डा. आर राजेश कुमार ने एसडीएम मसूरी, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी व यूकेएमआरसी के अधिकारियों के साथ मसूरी के विभिन्न चयनित क्षेत्रों का निरीक्षण किया ताकि इस दिशा में शीघ्र कार्य शुरू किया जा सके।
मसूरी पहुंचे आवास सचिव डा. आर राजेश कुमार ने गढवाल टैरेस पहुंच कर पहले किंक्रेग से चिक चाकलेट रोपवे के लिए गढवाल टैरेस पर निरीक्षण किया जिसमें अवगत कराया गया कि किंक्रेग मल्टीलेबल पार्किग से गढवाल टैरेस का स्थान बजाय चिक चाकलेट से अधिक उपयुक्त है, यहां पर खुली जगह है वहीं यह भूमि जीएमवीएन की है जबकि चिक चाकलेट वाला स्थान संकरा व भीड़ भाड़ वाला है वहीं यहां पर प्राइवेट संपत्ति है। इसके पश्चात सचिव आवास ने कैमल बैक रोड स्थित ईएसआई अस्पताल का निरीक्षण किया जहां से जार्ज एवरेस्ट, व लाल टिब्बा के लिए रोपवे बनाने के लिए स्थान चयनित किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने लाल टिब्बा चयनित रोपवे स्थल नाहटा स्टेट व मल्टी लेबल पार्किग से चार दुकान, हाईलैंड से अटल उद्यान कंपनी बाग, जार्ज एवरेस्ट से भद्राज, व भनोट स्टेट कैमल बैक से केंपटी फॉल रोपवे का भी निरीक्षण किया। इस संबंध में सचिव आवास डा. आर राजेश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मसूरी में यूके मेट्रो कारपोरेशन के माध्यम से बनायी जाने वाली रोपवे योजना का सर्वे करने व निरीक्षण करने आये है वहीं इस संबंध में स्टेक होल्डर से भी बात की जायेगी। रोपवे का एलाइमेंट चेक करने के लिए आये है वहीं पूर्व में भी सर्वे किया जा चुका है उन्होंने कहा कि सभी रोपवे की लंबाई 11.7 किमी का है। अभी किंक्रेग पार्किग से जीएमवीएन को रोपवे से जोड़ने के साथ ही लाइब्रेरी चैक, जार्ज एवरेस्ट, लाल टिब्बा, कैमलबैक रोड, व कैंपटी फॉल है यह मुख्य पडाव होगें जिन्हें जोड़ा जायेगा। उन्होंने कहा कि पार्किग विकसित कर जनता को सुविधा देने के लिए आवास विभाग तत्पर है। उन्होंने कहा कि आवास विभाग की पार्किग पॉलिसी में सभी प्रकार के मॉडलों पर कार्य किया जा रहा है जिसमें सरकारी, प्राइवेट भूमि व पीपीपी मोड है, सभी के लिए प्रोवजिनिंग की गयी है व यथा स्थिति को देखते हुए कार्य किए जाते है। वहीं व्यावसायिक व आवासीय एरिया कितना होना चाहिए इसके मानकों का पूरा ध्यान रखा जाता है अगर किसी ने मानकों को पूरा नहीं किया तो कठोर से कठोर कार्रवाई एमडीडीए या नगर पालिका के माध्यम से करवायी जाती है। इस मौके पर एसडीएम राहुल आनंद, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, मसूरी वन प्रभाग के प्रभारी अधिकारी महेंद्र सिंह चैहान सहित यूकेमेेट्रो कारपोरेशन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.