सीएयू टैलेंट हंट में उभरी तेज गेंदबाजों की नई फौज, चयनकर्ता रंजीत माली ने तराशी प्रतिभाएं
1 min read
रुद्रप्रयाग। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड (सीएयू) के निर्देशानुसार रुद्रप्रयाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मंगलवार को चन्द्रापुरी स्थित स्यालसौड़ खेल मैदान में मध्यम तेज गेंदबाजों की खोज के लिए विशेष टैलेंट हंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंडर-19, अंडर-23 एवं पुरुष ओपन वर्ग के कुल 23 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी तेज गेंदबाजी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस विशेष चयन प्रक्रिया का उद्देश्य प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में छिपी तेज गेंदबाजी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की गेंदबाजी गति, लाइन-लेंथ, तकनीकी दक्षता, फिटनेस और मैच परिस्थितियों में प्रदर्शन क्षमता का गहन परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चयनकर्ता रंजीत माली ने खिलाड़ियों की गेंदबाजी का बारीकी से अवलोकन करते हुए उन्हें व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण तकनीकी सुझाव दिए। उन्होंने खिलाड़ियों को उनकी खूबियों और कमियों से अवगत कराते हुए प्रदर्शन में सुधार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुख्य चयनकर्ता रंजीत माली ने कहा कि उत्तराखण्ड में तेज गेंदबाजों की प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही दिशा, अनुशासित प्रशिक्षण और बेहतर अवसरों की है। उन्होंने कहा कि ट्रायल में कई खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और यदि वे निरंतर मेहनत तथा फिटनेस पर ध्यान दें तो राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि सीएयू का यह अभियान प्रदेश के उभरते तेज गेंदबाजों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रुद्रप्रयाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष त्रिभुवन बिष्ट ने कहा कि सीएयू की यह पहल प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण वे अपनी क्षमता का पूरा प्रदर्शन नहीं कर पाते। यह अभियान ऐसे खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण और प्रतियोगी माहौल से जोड़ने का कार्य करेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में रुद्रप्रयाग जनपद से भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के तेज गेंदबाज निकलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चयन हो या न हो, निरंतर अभ्यास, समर्पण और मेहनत ही सफलता का वास्तविक मार्ग है। कार्यक्रम का संचालन नवीन बिष्ट ने किया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष हरीश गुसाईं, पूर्व अध्यक्ष कमलेश जमलोकी, उपाध्यक्ष लक्ष्मण भंडारी, सदस्य लक्ष्मी सेमवाल, सैन सिंह पंवार, मनवर नेगी तथा ग्राम पंचायत भटवाड़ी सुनार के प्रधान प्रतिनिधि सूरज जगवान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
