द्वारी गांव में बंद घरों के ताले तोड़ने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला आरोपी गिरफ्तार

1 min read

घनसाली। घनसाली थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारी गांव में बंद घरों के ताले तोड़ने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी को ग्रामीणों ने दबोच दिया। पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। ज्योग्राफिकमैप्स और जीपीएस गाइड एक्सप्लोर करना

टिहरी जिले में घनसाली थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारी गांव में लगातार चोरी की घटनाएं घट रही थी। पिछले आठ-नौ महीने के भीतर गांव में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ घर ऐसे हैं जहां कि इस अवधि के दौरान चोर दो से चार बार ताले तोड़ चुके हैं। गांव में लगातार बंद घरों के ताले तोड़े जाने और चोरी की घटनाओं से ग्रामीण पिछले समय से खासा परेशान थे। घरों के अलावा गांव में घंडियाल देवता के मंदिर में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। गांव में चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में खासा आक्रोश था।

ग्रामीण लगातार पुलिस पर बंद घरों के ताले तोड़ने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी थी। ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं को शीघ्र खुलासा न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी भी दी थी। भारी जन दबाव और अधिकारियों के कड़े रूख के बाद हरकत में आई घनसाली थाना पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर ग्रामीणों की मदद से आरोपी सोनी उर्फ सोहन बेलवाल पुत्र लक्ष्मी प्रसाद बैलवाल (32 वर्ष) को पकड़ा। पकड़ा गया आरोपी द्वारी गांव का ही रहने वाला है।

पुलिस द्वारा उससे पूछताछ करने पर उसने अपना जुल्म कबूल कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हेक्सा ब्लेड मय फ्रेम, टॉर्च एवं सरिया (आलानकब) बरामद किया गया है। पूछताछ में उसने कई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता का खुलासा किया है। वह घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद जंगल में छिपकर रहता था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है कि बंद घरों के ताले तोड़ने व चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में उसके साथ कुछ और लोग भी हो सकते हैं।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.