#आकाशवाणी #देहरादून में 26 नवंबर को होगा ‘AIR Rising Stars Season-1’ युवा संगीत सम्मेलन

1 min read

– युवा एवं उभरती संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से होगा आयोजन
– दोपहर 3 बजे संस्कृति विभाग ऑडिटोरियम, देहरादून में आयोजित होगा सम्मेलन
-आकाशवाणी की 90वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देशभर के 26 आकाशवाणी केंद्रों पर आयोजित की जा रही है यह पहल
– भजन, गढ़वाली और जौनसारी लोकगीतों की प्रस्तुतियों के साथ होगी सरस्वती वंदना

देहरादून। आकाशवाणी देहरादून द्वारा युवा एवं उभरती संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 26 नवंबर को ‘AIR Rising Stars Season-1’ युवा संगीत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे संस्कृति विभाग ऑडिटोरियम, देहरादून में आयोजित होगा।

आकाशवाणी की 90वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुरू की गई यह विशेष पहल देशभर के 26 आकाशवाणी केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य 30 वर्ष से कम आयु के युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करना, भारतीय शास्त्रीय, सुगम एवं लोक संगीत की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक हेमंत बी. आड़े होंगे। इस अवसर पर आकाशवाणी एवं दूरदर्शन देहरादून के क्लस्टर प्रमुख सुरेश कुमार मीना, कार्यक्रम प्रमुख अनिल भारती, आकाशवाणी के सहायक निदेशक (कार्यक्रम) रमेश चंद्र, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष नामदेव तथा आकाशवाणी देहरादून के समाचार प्रमुख अनिल दत्त शर्मा उपस्थित रहेंगे। पीआईबी एवं दूरदर्शन न्यूज़ की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह सहित कार्यक्रम अधिशासी अनीता तित्याल एवं संकल्प मिश्रा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

सम्मेलन में युवा कलाकारों द्वारा विभिन्न संगीत विधाओं की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। भजन गायन में पीयूष कश्यप, गढ़वाली लोकगीत में शिया कोहली एवं मृणाल रतूड़ी तथा जौनसारी लोकगीत में अंशु वर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त गुरुकुल कन्या महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की जाएगी। आकाशवाणी की यह पहल युवा कलाकारों को पहचान और प्रोत्साहन देने के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक एवं संगीत विरासत के संरक्षण तथा उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.