आकाशवाणी की पहल से लोक संगीत और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान

1 min read

देहरादून। आकाशवाणी के 90वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आकाशवाणी देहरादून की ओर से ‘एआईआर राइजिंग स्टार्स सीजन-1’ युवा संगीत सम्मेलन का आयोजन संस्कृति विभाग सभागार में किया गया। कार्यक्रम में युवा कलाकारों ने भजन, गढ़वाली और जौनसारी लोकगीतों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के निदेशक हेमंत बी. आड़े ने कहा कि इस आयोजन में सहयोग देने का उद्देश्य युवाओं के बीच गुणवत्ता और मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ उनकी कला को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
संगीत सम्मेलन में चार युवा कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। पियूष कश्यप ने भजनों की प्रस्तुति दी, जबकि शिया कोहली और मृणाल रतूड़ी ने गढ़वाली लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की। वहीं अंशु वर्मा ने जौनसारी लोकगीतों से क्षेत्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया। गुरुकुल कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। संचारी पुरकायस्थ ने तबले पर शानदार संगत की।
क्लस्टर प्रमुख एवं उप महानिदेशक (अभियांत्रिकी) सुरेश कुमार मीणा ने कहा कि ‘एआईआर राइजिंग स्टार्स’ युवाओं को संगीत और आकाशवाणी से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने की सार्थक पहल है। कार्यक्रम प्रमुख, आकाशवाणी एवं दूरदर्शन देहरादून अनिल भारती ने कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन ऐसे आयोजनों तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए नई पीढ़ी तक अपनी पहुंच बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पीआईबी देहरादून एवं दूरदर्शन समाचार देहरादून की प्रमुख साक्षी सिंह और आकाशवाणी समाचार के प्रमुख अनिल दत्त शर्मा उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आकाशवाणी की इस देशव्यापी पहल के तहत देश के 26 केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य 30 वर्ष से कम आयु के उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय, सुगम एवं लोक संगीत की समृद्ध विरासत से जोड़ना है।
कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी के उद्घोषक विनय ध्यानी और पुष्पा पुंडीर ने किया। आयोजन में आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिशासी संकल्प मिश्रा एवं डॉ. अनीता तित्याल तथा दूरदर्शन के अधिकारी सुनील कुमार और पवन गोयल ने सक्रिय सहयोग दिया।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.