जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सीबीसी के प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

1 min read

टिहरी। हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को न्यू टिहरी में प्रचार वाहन को टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया को जिले में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
उन्होंने केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा न्यू टिहरी में आयोजित की जा रही फोटो प्रदर्शनी की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’ विभाजन की विभीषिका और ‘वंदे मातरम्’ जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा तथा राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके बाद केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मीडिया को 14-15 अगस्त को न्यू टिहरी में आयोजित होने वाले एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को तिरंगे के गौरवशाली इतिहास, उसकी यात्रा तथा ‘वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराना है।
श्री शर्मा ने बताया कि 14 अगस्त को सुबह तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही फोटो प्रदर्शनी देखने के लिए आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि वे स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति से जुड़े विषयों को रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से समझ सकें। उन्होंने बताया कि राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी 14 अगस्त को हर घर तिरंगा विषय पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम अधिकारी श्री शर्मा ने आमजन से न्यू टिहरी में आयोजित फोटो प्रदर्शनी का अधिक से अधिक संख्या में भ्रमण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को तिरंगे की गौरवपूर्ण यात्रा, ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक विरासत तथा विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को जानने और समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.