केदारनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने धाम पहुंचे डीएम व एसपी

रुद्रप्रयाग। आगामी 22 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने संयुक्त टीम के साथ केदारनाथ धाम पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा शुरू होने से पूर्व धाम में सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने पैदल मार्ग का भी निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ धाम क्षेत्र में भारी मात्रा में बर्फ जमी हुई है। कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक बर्फ मौजूद है, जिसे हटाने का कार्य तेजी से जारी है। धाम क्षेत्र में 60 से अधिक श्रमिक तथा ट्रैक रूट पर 70 से 75 मजदूर तैनात किए गए हैं। पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और शीघ्र ही पूरे ट्रेक रूट का पुनर्निर्माण कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही आईटीबीपी के जवानों की तैनाती के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाया जाएगा। आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुरक्षा निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन का भी उपयोग किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि केदारनाथ यात्रा का संचालन सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.