जिला योजना में डीएम ने विभागों को दिए प्रगति बढ़ाने के निर्देश

1 min read

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चैहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला योजना वर्ष 2026-27 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं संचालित विकास कार्यों की विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिला योजना वर्ष 2026-27 के लिए कुल रू0 9939.40 लाख की धनराशि प्राप्त हुई है, जिसके सापेक्ष अब तक 29 प्रतिशत प्रगति प्राप्त की गई है। जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने तथा स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चैहान ने कहा कि जिला योजना के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति प्रदान की जाती है। इसलिए स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन कार्यों में टेंडर, निविदा अथवा अन्य प्रक्रियाएं की जानी हैं, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा निर्धारित समय के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल संस्थान सहित अन्य संबंधित विभागों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि निर्माण एवं विकास कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया समय से पूर्ण करते हुए कार्यों को गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित करें कि स्वीकृत योजनाओं का लाभ आमजन को समय पर प्राप्त हो तथा किसी भी स्तर पर प्रक्रियागत विलंब के कारण विकास कार्य प्रभावित न हों।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जिला योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि विभाग नियमित रूप से अपने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिला योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, स्वीकृत धनराशि, व्यय एवं कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विभागवार चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत गिरि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 मनोज कुमार शर्मा, अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पीएस भण्डारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.