नशे में धुत पर्यटकों ने मचाया उत्पात, तीन वाहनों को मारी टक्कर, महिला घायल

Lavc60.20.101

नैनीताल। कैंची क्षेत्र में लखनऊ से आए पांच युवकों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। पहले होमस्टे संचालकों से मारपीट की और फिर पुलिस से बचने के प्रयास में स्कॉर्पियो से तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। साथ ही पर्यटकों के स्कॉर्पियो की सीज कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी पांच युवक स्कॉर्पियो से कैंची पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर उनका एक होमस्टे संचालक से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद युवक दूसरे होमस्टे संचालक से भी उलझ पड़े। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कैंची पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भवाली की ओर भाग निकले। पुलिस ने एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और भवाली पुलिस को नाकेबंदी के लिए अलर्ट कर दिया। भवाली में पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी घबरा गए और स्कॉर्पियो को वापस कैंची बाजार की ओर मोड़ दिया। पुलिस से बचने की कोशिश में आरोपियों ने बाजार में तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हुए तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक अल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो भी दुर्घटनाग्रस्त होकर रुक गई.घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चारों ओर से घेराबंदी कर चार युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.