एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी 2026-27 आयोजित

1 min read

देहरादून। एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की सीनियर एवं जूनियर प्रीफेक्टोरियल बॉडी का विधिवत गठन किया गया तथा नव-निर्वाचित छात्र-छात्राओं को नेतृत्व की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के निदेशक माननीय एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर एवं प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने नव-निर्वाचित हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, हाउस कैप्टन एवं प्रीफेक्ट्स को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया।
सभी छात्र-नेताओं ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा ईमानदारी, समर्पण, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपने प्रेरणादायी संबोधन में एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर ने कहा कि एक सच्चा नेता वही होता है जो अपने आचरण, अनुशासन और सेवा भाव से समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणा बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सदैव सत्यनिष्ठा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व किसी पद का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का दूसरा नाम है। एक सच्चा नेता वही होता है जो स्वयं अनुशासन का पालन करे, दूसरों का सम्मान करे और अपने कार्यों से प्रेरणा बने। उन्होंने सभी छात्र-नेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय देंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संपूर्ण विद्यालय परिवार ने सभी नव-निर्वाचित छात्र-नेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल नेतृत्व की कामना की। यह समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सेवा भावना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। विद्यालय ने विश्वास व्यक्त किया कि नव-निर्वाचित प्रीफेक्टोरियल बॉडी अपने उत्कृष्ट कार्यों एवं आदर्श नेतृत्व से विद्यालय का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.