केन्द्रीय गृह मंत्री के देहरादून आगमन पर पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बांह पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
1 min read
देहरादून। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून आगमन पर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज किया। उन्होंने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग तथा राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही को लेकर अपना विरोध प्रकट किया।
इस अवसर पर मीडिया से रू-ब-रू होते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता आज अनेक गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकारें जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय राजनीतिक आयोजनों और प्रचार-प्रसार में व्यस्त हैं। प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखण्ड के स्वाभिमान और बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है। प्रदेश की जनता आज भी अंकिता को पूर्ण न्याय दिलाने और हत्याकांड से जुड़े तमाम सवालों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान की मांग कर रही है। लेकिन सरकार इन सवालों पर स्पष्ट जवाब देने से बचती रही है। उन्होने यह भी कहा कि एक तरफ भाजपा से जुडे संगठन 1 नवम्बर को दिल्ली में राहुल गांधी जी के नेतृत्व में हुई रैली का यह कहकर विरोध करते हैं कि त्यौहारों के मौके पर इस प्रकार के आयोजन व्यापारियों के हक में नहीं हैं वहीं आज धनतेरस जैसे त्यौहार जिसमें लोग सबसे अधिक खरीददारी करते हैं अमित शाह की सभा का आयोजन कर जनता और व्यापारियों को चिढ़ाने का काम कर रहे हैं। श्री गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। देवभूमि की बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महिलाओं के प्रति अपराधों पर प्रभावी रोकथाम, पीड़ितों को न्याय और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराने का उद्देश्य केन्द्र सरकार और भाजपा नेतृत्व को यह संदेश देना है कि उत्तराखण्ड की जनता अपने अधिकारों, सम्मान और न्याय के सवालों पर चुप नहीं बैठेगी। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी तथा प्रदेश की जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।
