खुड़बुड़ा विद्यालय में स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों को बताए साफ-सफाई के फायदे

1 min read

देहरादून। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, खुड़बुड़ा मोहल्ला में स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को साफ-सफाई, स्वस्थ जीवनशैली और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में कंपनी की क्षेत्रीय उप महाप्रबंधक मीना समरा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, अच्छी आदतें अपनाने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता और विभिन्न संवादात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। गतिविधियों के माध्यम से उन्हें स्वच्छता, अनुशासन, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक बृजमोहन भारती, रमेश शर्मा, व्यवसाय कार्यालय प्रमुख रोहित नौटियाल, जितेंद्र सिंह और क्षेत्रीय कार्यालय के प्रबंधक राम बाबू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। कंपनी की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त कर्मचारियों और राजकुमार तिवारी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। कंपनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की प्रतिबद्धता दोहराई।

Copyright Him Path©2023 (Designed & Develope by manish Naithani 9084358715) All rights reserved. | Newsphere by AF themes.